डेस्क : रेलवे में निकली 89402 भर्तियों के लिए अब तक 2 करोड़ लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने रेलवे ने ग्रुप सी और डी के पदों के लिए 89402 वैकेंसी निकाली थी। ये रेलवे की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती है। एक रेलवे अधिकारी के मुताबिक डेढ़ करोड़ से ज्यादा उम्मीदवार प्रारंभिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च है। जाहिर है आवेदनों की संख्या में और इजाफा होगा। समूह सी के लिए 26,502 और समूह डी के लिए 62,907 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक पंजीकरण उम्मीदवारों द्वारा उनके नाम और पते के साथ किया जाता है। आवेदन का अगला कदम विवरण भर कर शुल्क का भुगतान करना है।
आरआरबी आवेदन पत्र के प्रारंभिक पंजीकरण में उम्मीदवारों को अन्य विवरण जैसे नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, समुदाय, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर के साथ शैक्षिक योग्यता की जानकारी देनी होती है।
रेलवे भर्ती बोर्ड अप्रैल और मई 2018 के बीच परीक्षा आयोजित करेगा। रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी करने के बाद इसके कई नियमों को लेकर देश के कई हिस्सों समेत भारी विरोध हुआ था। इसके बाद रेलवे ने उम्र और शैक्षणिक योग्यता के संबंध में कई बदलाव किए।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !