-
बदला जाएगा पुरस्कारों के लिए शिक्षकों के चयन का पैटर्न
-
सम्मान समारोह में देखे जाएंगे चयनित शिक्षकों के तीन श्रेष्ठ ‘प्रजेंटेशन
-
बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा के 34 शिक्षकों को किया पुरस्कृत
राज प्रताप सिंह,ब्यूरो लखनऊ
शिक्षक दिवस के मौके पर बुधवार को लोक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों से खरी-खरी बातें कहीं। उन्होंने शिक्षकों को यह सलाह भी दी कि वे अपने खुद के बच्चों को भी उसी स्कूल में पढ़ाएं, जहां वे शिक्षक हैं। उन्होंने शिक्षकों को नेताओं के पीछे न घूमने की नसीहत भी दी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे प्रदेश को इतनी क्षमता वाला प्रदेश बनाएं कि वह पूरे देश का नेतृत्व कर सके। उन्होंने दु:ख जताया कि उन्हें अब तक कोई ऐसा नहीं मिला जो समाज के लिए काम करने की इच्छा लेकर आया हो।
कुछ लोग सिर मुंडा रहे हैं
अभी हमारे पास सहायक अध्यापकों के 97 हजार पद हैं लेकिन कुछ लोग सिर मुंड़ा रहे हैं कि उन्हें बिना किसी ‘कंपटीशन के शिक्षक की पदवी दे दी जाए। सरकार चाहती है कि योग्यता के आधार पर चयन हो। धरना-प्रदर्शन करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पिछले जन्म के कर्मों के कारण ऐसा कर रहे हैं, उनके पास दूसरा कोई काम ही नहीं है। अनुशासनहीन समाज कभी भी अपना भविष्य उज्जवल नहीं बना सकता।
शिक्षकों से पूछा कितने घंटे करते हैं काम
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से पूछा कि वे 5-6 घंटे के स्कूल टाइम के बाद क्या करते हैं? उन्होंने बताया कि यहां मंच पर बैठे सभी लोग (मंत्रियों-अधिकारियों की तरफ इशारा करते हुए) 16-18 घंटे काम करते हैं, तब जाकर योजनाएं धरातल पर आ पा रही हैं? उन्होंने कहा कि अगली बार इन पुरस्कारों का पैटर्न बदला जाएगा। जिनका चयन किया जाएगा, उनका ‘प्रजेंटेशन कराया जाए। यह व्यवस्था आईएएस-आईपीएस के लिए भी लागू की गई है। दोनों की एसोसिएशन में चयनित श्रेष्ठ ‘प्रजेंटेशन वह खुद देखेंगे। जो कुछ भी अच्छा हो रहा है वह पूरे प्रदेश में जाना चाहिए। पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले शिक्षकों में से तीन के ‘प्रजेंटेशन सम्मान समारोह में भी दिखाई जाएंगे।
‘प्राक्सी’ शिक्षक इस्तीफा देकर ठेकेदारी करें
‘प्राक्सी शिक्षक रखकर पढ़वाने की व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार उन्हें पता चला कि असल शिक्षक ठेकेदारी करते हैं और उनकी जगह कोई दूसरा पढ़ाता है। ऐसे शिक्षकों को चाहिए कि वे इस्तीफा देकर ठेकेदारी ही करें, ठेकेदारी कोई खराब व्यवसाय नहीं है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से नेताओं के पीछे न घूमने और समाज के लिए खुद मार्गदर्शक बनने की अपील की।
राज्यपाल ने की प्राथमिक शिक्षा बोलने की वकालत
राज्यपाल राम नाईक ने सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा शब्द इस्तेमाल किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्राथमिक शिक्षा शब्द है। मराठी में भी प्राथमिक शिक्षा ही कहा जाता है। यूपी में काम करते हुए वह लगातार अच्छी हिन्दी सीखने का प्रयास कर रहे हैं। उच्च शिक्षा में लड़कियों की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताई और बताया कि 26 राज्य विश्वविद्यालयों में हुए दीक्षांत समारोहों 15.60 लाख विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं, जिसमें 51 प्रतिशत छात्राएं थीं। इसके अलावा 66 फीसदी पुरस्कार छात्राओं ने प्राप्त किए। यह महिला सशक्तीकरण का प्रतीक है। इसे वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू किए गए सर्व शिक्षा अभियान का असर भी कहा जा सकता है।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने बांटे पुरस्कार
राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च शिक्षा के तीन शिक्षकों को वर्ष 2018 का सरस्वती पुरस्कार व छह शिक्षकों को ‘शिक्षकश्री पुरस्कार तथा माध्यमिक व बेसिक शिक्षा के 25 शिक्षकों को वर्ष 2017 का राज्य पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, गन्ना मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा, बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल, राज्यमंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा डॉ. प्रभात कुमार, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक व उच्च शिक्षा संजय अग्रवाल व सचिव माध्यमिक शिक्षा संध्या तिवारी मौजूद रहीं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !