विद्यालय भवन के अभाव में बरामदें पर बैठकर पढ़ते है बच्चें
चानपुरा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय का हाल-बेहाल
बेनीपट्टी/मधुबनी/(आकिल हुसैन)संवाददाता।
शिक्षा विभाग में संसाधन की घोर किल्लत के कारण प्रखंड के पष्चिमी भू-भाग अवस्थित चानपुरा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सैंकड़ों छात्रों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। सुदूर ग्रामीण इलाकों में संचालित विद्यालय को विभाग ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अपग्रेड कर दिया, परंतु संसाधन व भवन निर्माण के लिए राशि नहीं होने के कारण स्कूल के भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। फलस्वरुप बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल के चार कमरों में करीब दो कमरा बैठने के लायक नहीं होने के कारण अधिकांश स्कूली बच्चों को बाहर ही बैठाकर पढ़ाया जाता है। स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजित ठाकुर ने बताया कि उपलब्ध संसाधन पर ही बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। कमरों के अभाव के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है।

गौरतलब है कि बसैठ पंचायत के चानपुरा गांव के आसपास मध्य विद्यालय की सुविधा नहीं होने पर विभाग ने उक्त विद्यालय को मध्य विद्यालय का दर्जा दे दिया। परतुं स्कूल के पास पर्याप्त भूमि नहीं होने के कारण स्कूल की घेराबंदी तो दूर भवन की भी व्यवस्था नहीं हो रही है। जबकि स्कूल में 427 छात्र व छात्राएं नामांकित है। इतनों बच्चों को शिक्षा देने के लिए प्रभारी सहित मात्र चार शिक्षक ही है। शुक्रवार को स्कूल का जायजा लेने के क्रम में दो शिक्षक अवकाश पर होने की जानकारी विद्यालय प्रभारी के द्वारा दी गयी। स्कूल में संसाधन की घोर कमी एवं शिक्षकों की कमी के कारण स्कूली छात्रों को कितनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है,उसका अंदाजा लगाना सहज है। इस संबंध में बेनीपट्टी के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कृष्णमोहन ठाकुर ने बताया कि जल्द ही उक्त विद्यालय का निरीक्षण कर संसाधन के लिए वरीय अधिकारी को लिखा जायेगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !