डेस्क : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का धंधा लगातार जारी है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों के द्वारा भी लगातार छापेमारी कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरा जा रहा है। ताजा मामला दरभंगा जिले का है जहां सोमवार की रात शनखेरहा चौक से शराब लदी दो ट्रक एवं एक सेंट्रो कार को बहेड़ी पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान जब्त कर सात कारोबारियों को दबोच लिया। होली और लोक सभा चुनाव के मद्देनजर दरभंगा पुलिस द्वारा इस बरामदगी को बड़ी सफलता मानी जा रही है।
बताया जाता है कि कारोबारी दोनों ट्रक के आगे-आगे कार से चल रहे थे। इसकी भनक पुलिस को पहले ही लग गई थी। यही कारण था कि समय रहते सभी को एक साथ दबोच लिया गया। जब्त की गई ट्रक से सात हजार लीटर शराब बरामद होने की बात कही गई है। शराब से लदी जब्त की गई एक ट्रक डीएल1एम-6514 दिल्ली की है तो दूसरी ट्रक डब्लूबी23बी-5656 बंगाल की। वहीं जब्त कार दिल्ली नंबर डीएल3सीएपी-3353 है। सभी शराब आरएस कंपनी की बताई गई है। दोनों ट्रक से शराब की लगभग आठ सौ कार्टन बरामद होने से पुलिस अपनी सफलता पर गदगद है। गिरफ्त में आए सातों कारोबारियों से पुलिस पूछताछ में जुटी है। स्वयं एसएसपी बाबू राम भी थाना पहुंचकर कारोबारियों से पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की है।
बताया जाता है कि कारोबारियों के पास से जब्त की गई मोबाइल से पूरे नेटवर्क के उद्भेदन में पुलिस जुटी हुई है। मौके पर सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, एसडीपीओ बेनीपुर उमेश्वर चौधरी सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !

