एसडीएम के पहल पर पांच घंटे के बाद खुला जाम
बेनीपट्टी/मधुबनी/आकिल हुसैन – संवादाता ।
अरेड़ के परकौली स्थित स्टेट हाईवे-52 पथ के किनारे वाहन के ठोकर से वृद्ध की मौत हो जाने से उग्र ग्रामीणों ने मुआवजे एवं वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर घंटो सड़क जाम कर नारेबाजी की।
ग्रामीण मांग के समर्थन में करीब पांच घंटो तक सड़क को जाम कर रखा था। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार परकौली गांव के रामप्रसाद सदाय (60) अहले सुबह करीब पांच बजे घर से शौच करने के लिए मधुबनी-सीतामढ़ी पथ से बगीचे की ओर जा रहे थे। इसी बीच पटना से बेनीपट्टी के लिए आ रही एक बस के चपेट में आने से वृद्ध बुरी तरह से जख्मी हो गया।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर शौच कर रहे वृद्ध के भाई ने ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में वृद्ध को मधुबनी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने दरभंगा रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि दरभंगा ले जाने के क्रम में रास्ते में वृद्ध की मौत हो गयी। उधर मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने परकौली पूल के समीप सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही अरेड़ के एसएचओ गया सिंह व अंचलाधिकारी पुरेन्द्र कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर जामकर्ताओं से हरसंभव सहयोग कराने की बात कहकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। परंतु जामकर्ता मौके पर वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
उपरांत एसडीएम मुकेश रंजन, एसडीपीओ पुष्कर कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार मिश्र व बेनीपट्टी एसएचओ हरेराम साह दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर यथासंभव सरकारी मदद दिलाने की बात कहकर जाम हटवाया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिवार को तत्काल कबीर अंत्येष्ठि की राशि प्रदान कर दी गयी है। पारिवारिक लाभ योजना एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा।
उधर अरेड़ के एसएचओ गया सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !