मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीवन में योग अपनाने से आमजन बीमारी पर खर्च होने वाले धन को बचा सकते हैं और स्वस्थ जीवन पा सकते हैं।
राज प्रताप सिंह,ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ।चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल राम नाईक के साथ योग किया।आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष योग शिविर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, आयुष राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी, मेयर संयुक्ता भाटिया समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने योग प्रेमियों को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीवन में योग अपनाने से आमजन बीमारी पर खर्च होने वाले धन को बचा सकते हैं और स्वस्थ जीवन पा सकते हैं।योगी ने कहा कि जीवन में संतुलन साधना ही योग है।
लखनऊ के राजभवन के अलावा शहर के 10 पार्कों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सचिव आयुष मुकेश मेश्राम ने बताया कि पतंजलि योग पीठ के 150, यूपी नैचुरोपैथी एंड योग टीचर्स एसोसिएशन के 200, भारतीय योग संस्थान के 50, तत्वसामी योग संस्थान के 54, ब्रह्म कुमारी संस्था के 73 प्रतिभागी योगाभ्यास में शामिल हुए। सभी के लिए परिवहन विभाग से बसों की व्यवस्था की गई।
योग संस्थानों के अलावा एनसीसी, सीआरपीएफ, एसएसबी के जवान भी योग दिवस में शामिल हो रहे हैं।आयुष विभाग द्वारा सभी को एक टी-शर्ट दी गई है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस व कुंभ 2019 का प्रतीक चिन्ह बना है।
स्वस्थ रहने के लिए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार ताड़ासन, वृक्षासन पादहस्त आसन, अर्ध चक्र, त्रिकोण, वज्र, अर्द्ध उष्ट्र आसन और प्राणायाम किया जाएगा।जिसमें प्रार्थना से संकल्प तक योग और अंत में शांति पाठ भी होगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !