डेस्क : प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के इरादे से स्वास्थ्य विभाग एएनएम के स्वीकृत सभी पदों पर बहाली करेगा। प्रदेश में एएनएम के 40 हजार पद स्वीकृत हैं, जिनमें से वर्तमान में साढ़े ग्यारह हजार पदों पर ही एएनएम कार्यरत हैं। शेष पद रिक्त हैं।
अभी कुछ अरसा पहले सरकार ने रिक्त पदों के विरूद्ध साढ़े छह हजार एएनएम बहाली के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब पूर्व के आदेश में संशोधन कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 28,447 पदों पर एएनएम की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया है। 
भारतीय लोक स्वास्थ मापदंड के अनुसार पांच हजार की आबादी पर एक स्वास्थ उपकेंद्र और प्रत्येक स्वास्थ्य उप केंद्र के अनुपात में दो-दो की संख्या में एएनएम की तैनाती की जानी है। बता दें कि प्रदेश के बीस हजार स्वास्थ्य उपकेंद्र में दो-दो एएनएम के पद स्वीकृत हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जिलों को कहा गया है कि वह रोस्टर क्लियर करते हुए रिक्त पदों की सूचना विभाग को मुहैया करा दें ताकि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !