उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गीजर से गैस लीक होने की आशंका में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कोतवाली सदर क्षेत्र के शहवाजपुर मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर दम घुटने से चार साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद सलीम का बरेली रोड स्थित राय साहब की धर्मशाला के पास कारखाना है, जिसके ऊपर वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सलीम के दोनों बेटे अयान (11) और रयान (4) घर के स्नानगृह में नहाने गए थे, जहां गैस गीजर लगा हुआ था।
काफी देर तक जब बच्चे बाहर नहीं निकले तो मां रुखसार ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घबराकर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों बच्चे बेहोश हालत में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चार साल के रयान को मृत घोषित कर दिया गया। अयान की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !