उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है , वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस में सीनियर सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत और जिले के पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी का दायित्व निभा रहे खाकी वर्दीधारी अनूप कुमार मिश्रा पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मुहिम के जरिये लोगों को राहत देने और हरियाली मुहिम को बढ़ावा देने का सार्थक प्रयास कर रहे हैं । ” पेड़ वाले पुलिस अंकल “, ट्री मैन ऑफ यूपी और आक्सीज़न मैन ऑफ यूपी जैसे नामों से प्रसिद्ध अनूप मिश्रा इन दिनों गाँव – गाँव और शहर के मोहल्ले – मोहल्ले में पैदल चलकर पीपल, बरगद और नीम जैसे छायादार पौधे वितरित कर लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करके वृक्षरक्षा का संकल्प दिला रहे हैं । अनूप मिश्रा लोगों को बताते हैं कि यही पेड़ भविष्य के सबसे बड़े और स्थायी ” प्राकृतिक एसी ” साबित होंगे।

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा का मानना है कि बढ़ते तापमान , घटते भूजल स्तर और प्रदूषण की विकट समस्या का सबसे प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। इसी उद्देश्य से उन्होंने लोगों को एयर कंडीशनर नहीं बल्कि पीपल और बरगद जैसे पौधे उपहार है देने की अनूठी शुरुआत की है। उनका संदेश है कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को शीतल छाँव, शुद्ध हवा और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगा।

पेड़ – पौधों के संरक्षण के लिए अनूप मिश्रा ने पौधों को लगाकर उनकी जियो टैग्गिंग करने की शुरूआत की और इसके लिए लोगों को प्रेरित किया ताकि लोग अपने लगाये पौधे के बढ़ते विकास को ऑन लाइन कहीं से भी देख जा सकें और लगाए गए पौधों का निरंतर ऑन लाइन पर्यवेक्षण किया जा सके।

अनूप द्वारा वन विभाग, सरकारी विभागों , स्कूल – कॉलेज, सामाजिक संस्थाओं एवं जन सहयोग से 20,000 से अधिक पौधों की रक्षा के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था कराई गई। अभी तक स्वयं के प्रयास और जनसहयोग से 2 लाख से अधिक पौधों का रोपण करवाया और अधिक से अधिक पौधों की रक्षा करते हुए उन्हें बड़ा रूप दिया, स्कूल कॉलेज और मोहल्लों में पर्यावरण संरक्षण पाठशाला, इको क्लास , प्रकृति संवाद जैसे एक हजार (1000 ) से अधिक कार्यक्रम आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 3000 से अधिक स्कूलों को मुहिम से जोडा और मॉडल ग्रीन स्कूल में बदला शहर, गाँव, मोहल्लों में जाकर 5 लाख से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया और पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित किया गया।

हरित प्रहरी खाकीधारी अनूप मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण को बना दिया जनआंदोलन

राष्ट्रीय वृक्ष बरगद की संख्या को बढ़ाने , उनके संरक्षण के लिए अनूप मिश्रा ने ” बरगद बचाओ महाअभियान – मैं हूँ मित्र बरगद का ” की शुरुआत की और इस मुहिम को वट सावित्री व्रत से जोड़ा है और अभियान को हजारों महिलाओं का सक्रिय योगदान और सहयोग प्राप्त हो रहा है। बरगद को विरासत वृक्ष का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।

अनूप मिश्रा आने वाले समय में गाँव की चौपालों से लेकर शहर के मोहल्लों में ” वृक्ष जल कथा – पर्यावरण चौपाल ” का आयोजन करेगें। स्कूल – कॉलेज में भी शिक्षकों और छात्र छात्राओं को शामिल करके ग्रीन टास्क फोर्स बनाई जायेगी जो ग्रीन कैंपस, क्लीन कैंपस बनाने का प्रयास करेगे , जियो टैग्गिंग के साथ पौधारोपण किया जायेगा, इसके साथ साथ सेल्फ़ी विद पौधा अभियान भी चलाया जायेगा।

गाँव की चौपालों से लेकर शहर के मोहल्लों में आयोजित होने वाली – वृक्ष जल कथा – पर्यावरण चौपाल में लोगों को बरगद, पीपल, नीम , आँवला, तुलसी जैसे पेड़ – पौधों और गंगा , जमुना , नर्मदा आदि नदियों से जुड़ी लोककथा सुनाकर पेड़ पौधों एवं नदी, पोखर तालाब आदि के महत्व की जानकारी दे कर उनके संरक्षण हेतु संकल्प दिलाया जायेगा।


ट्री मैन और ऑक्सीज़न मैन ऑफ यू पी के नाम से लोकप्रिय और ग्रीन भारत अभियान के संयोजक अनूप मिश्रा अपूर्व ने बताया कि, ” पेड़-पौधे और नदियाँ केवल प्राकृतिक संपदा नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति में ये जीवन, आस्था और अध्यात्म का मुख्य आधार हैं। इन्हें पूजनीय मानकर हमारा सनातन धर्म हमें पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पाठ पढ़ाता है।प्रकृति के इस आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व को समझकर हमें इसके प्रति जागरूक होकर पेड़ पौधों, नदी आदि से आत्मिक सम्बन्ध बनाना होगा।”

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !