चंडीगढ़/अमृतसर
पंजाब में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड और बेहद घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर और पटियाला में हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने सीवियर कोल्ड डे घोषित कर दिया।

घने कोहरे की स्थिति इतनी गंभीर रही कि अमृतसर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। एसबीएस नगर में केवल 5 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई, जबकि बठिंडा और फरीदकोट में यह 50 मीटर से भी कम रही। पटियाला में 70 मीटर और गुरदासपुर में 100 मीटर दृश्यता मापी गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कई स्थानों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी औसतन 2.7 डिग्री की गिरावट देखी गई। बठिंडा 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो अमृतसर में 4.3 डिग्री, लुधियाना 5.4, पटियाला 4.4, गुरदासपुर 3.5, एसबीएस नगर 4.5, फरीदकोट 5.1, होशियारपुर 5.6 और रूपनगर में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान अमृतसर में 8.8, लुधियाना 10.8, पटियाला 9.6, पठानकोट 8.5, बठिंडा 13.5, फरीदकोट 13.6, एसबीएस नगर 8.5 और होशियारपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गुरुवार को भी कई इलाकों में बेहद घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही विभाग ने 18 जनवरी से अगले तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
घने कोहरे और शीतलहर के कारण अमृतसर सहित कई जिलों में सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही। दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को खासा परेशान होना पड़ा। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय धीमी गति रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।
फिलहाल पंजाब में ठंड से राहत के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में शीतलहर और कोहरे का असर बना रहेगा, जिससे आम जनजीवन पर इसका प्रभाव जारी रह सकता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !