मोहाली के पॉश इलाके एरोसिटी में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज दो मिनट में तीन नकाबपोश लुटेरे पेट्रोल पंप मैनेजर से 5.27 लाख रुपये नकद और उसकी एक्टिवा स्कूटी लूटकर फरार हो गए। वारदात एयरपोर्ट रोड स्थित एरोसिटी के ई-ब्लॉक में दोपहर करीब 3 बजकर 23 मिनट पर हुई, जो पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पीड़ित मैनेजर की पहचान बाकरपुर निवासी सुखवीर सिंह के रूप में हुई है, जो राजपुरा-जीरकपुर रोड पर स्थित जीओबी नामक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। सोमवार को वह पेट्रोल पंप की बिक्री से एकत्रित 5 लाख 27 हजार 720 रुपये बैंक में जमा कराने के लिए स्कूटी से निकला था। जैसे ही वह एरोसिटी के ई-ब्लॉक में पहुंचा, पीछे से काली पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए और अचानक उसकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के अनुसार, एक लुटेरा बाइक से उतरकर सुखवीर सिंह को जबरन स्कूटी से खींचने लगा। संतुलन बिगड़ने के कारण स्कूटी गिर गई और सुखवीर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान दूसरे युवक ने तलवारनुमा हथियार निकालकर सुखवीर को डराने और उस पर वार करने का प्रयास किया। तीसरे लुटेरे ने मौके का फायदा उठाते हुए स्कूटी उठाई, जिसमें कैश से भरा बैग रखा हुआ था, और तेजी से फरार हो गया।
मारपीट और हथियार के डर से सुखवीर कुछ देर के लिए सहम गया। लुटेरे उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग निकले। वारदात को अंजाम देने में आरोपियों को कुल मिलाकर दो मिनट से भी कम समय लगा। इसके बाद सुखवीर ने तुरंत अपने पेट्रोल पंप मालिक हर्षवीर सिंह को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। मालिक के कहने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, जिसके बाद थाना एरोसिटी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन नकाबपोश युवक साफ दिखाई दे रहे हैं, जो काली पल्सर बाइक पर आए थे। यह फुटेज पीसीआर और सीआईए स्टाफ के साथ साझा की गई है ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके। मामले में लूट और मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
घटना में सुखवीर सिंह को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हथियार से गंभीर हमला नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि एरोसिटी जैसे हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले इलाके में इस तरह की वारदात होना बेहद चिंताजनक है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। थाना एरोसिटी के एसएचओ जशनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को कुछ बिंदुओं पर मैनेजर की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लुटेरों के भागने के रास्तों, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एरोसिटी इलाके में लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले एक्टिवा सवार युवकों ने गन पॉइंट पर जीरकपुर निवासी एक व्यक्ति से उसकी कार लूट ली थी। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !