बागपत। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा हिसावदा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान ब्राह्मण पुट्ठी गांव निवासी अनुज भाटी के रूप में हुई है। अनुज के बड़े भाई प्रवीण भाटी दिल्ली में जलशक्ति मंत्रालय में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को अनुज अपने एक मित्र से मिलने के लिए घर से निकले थे। देर रात जब वे वापस लौट रहे थे, तभी हिसावदा मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मौके से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अनुज तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका एक भाई जलशक्ति मंत्रालय में और दूसरा गृह मंत्रालय में संविदा कर्मचारी है। परिवार के लोगों के अनुसार, अनुज मिलनसार स्वभाव के थे और भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए थे। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सीओ अंशु जैन ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी वाहन चालक को जल्द ही पकड़कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हिसावदा मोड़ पर यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !