उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर इलाके से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने दांपत्य रिश्तों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि पत्नी ने गुस्से में आकर अपने ही पति की जीभ दांतों से काटकर अलग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों की रूह कांप उठी।

गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
शादी से खुश नहीं थी पत्नी, किसी और से शादी की थी चाह
पीड़ित युवक के परिजनों का आरोप है कि आठ महीने पहले हुई इस शादी से युवती खुश नहीं थी। युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि बहू किसी अन्य युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजनों के दबाव में उसकी शादी उनके बेटे से कर दी गई। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
परिजनों का यह भी आरोप है कि विवाहिता शराब और सिगरेट का सेवन करती थी, दिनभर मोबाइल पर व्यस्त रहती थी और सोशल मीडिया के लिए रील बनाती रहती थी। पति-पत्नी के बीच शारीरिक संबंध भी कभी स्थापित नहीं हो पाए, जिस कारण तनाव लगातार बढ़ता गया। इस दौरान कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, रात में बदल गया खूनी वारदात में
युवक के पिता के अनुसार सोमवार शाम काम से लौटने पर घर में खाना नहीं बना था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देर रात तक चलती रही। रात करीब एक बजे पति-पत्नी ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सोने गए।
कुछ देर बाद अचानक युवक की चीख-पुकार सुनाई दी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो नजारा दिल दहला देने वाला था। युवक लहूलुहान हालत में तड़प रहा था और उसकी कटी हुई जीभ बिस्तर पर पड़ी थी। आरोप है कि पति ने जब संबंध बनाने की कोशिश की तो पत्नी ने गुस्से में आकर दांतों से उसकी जीभ काट ली।
कॉलोनी में भड़का गुस्सा, महिलाओं ने की पिटाई
घटना की जानकारी फैलते ही कॉलोनी में आक्रोश फैल गया। गुस्साई महिलाओं ने आरोपी विवाहिता की पिटाई कर दी। इसी बीच विवाहिता ने अपने मायके वालों को फोन कर बुला लिया। उनके पहुंचते ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। कई घंटों तक हंगामा चलता रहा और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना की सूचना रात में ही दी गई थी, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि सोशल मीडिया में मामला उछलने के बाद पुलिस छह घंटे बाद दोबारा मौके पर पहुंची।
पत्नी का पलटवार: प्रताड़ना का आरोप
पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई विवाहिता ने पूछताछ में आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे और पति अक्सर मारपीट करता था। सोमवार को भी खाने को लेकर विवाद के बाद उसके साथ मारपीट हुई, जिससे वह आपा खो बैठी और यह घटना हो गई।
पुलिस का आधिकारिक बयान
पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवक की मां की शिकायत पर विवाहिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल युवक का इलाज मेरठ के अस्पताल में चल रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !