पटना (संजय कुमार मुनचुन) : गिरिराज सिंह के मुद्दे पर भाजपा ने नीतीश कुमार को करारा जवाब दिया है। भाजपा पूरी मजबूती के साथ केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ खड़ी है। नीतीश को जवाब देने के लिए आज भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मोर्चा संभाला। भाजाप ने नीतीश को ये साफ संकेत दे दिया है कि वे साम्प्रदायिकता के मुद्दे को जरूरत से ज्यादा तूल न दें।
संबित पात्रा ने आज पटना में कहा कि गिरिराज सिंह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। अगर वह अपने क्षेत्र की जनता से मिलने जाते हैं तो इसमें गलत क्या है।
संबित पात्रा ने कांग्रेस और राजद का नाम लेकर नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा जब चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू प्रसाद से मिलने लोग जेल में जाते हैं तब तो कोई सवाल नहीं उठाया जाता ?लालू प्रसाद से मिलने लोग माला लेकर बड़ी शान से जेल में जाते हैं। आज राजद के लोग गिरिराज सिंह के मिलने पर सवाल उठा रहे हैं। उन्हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।
कई मामलों में सजा पा चुके शहाबुद्दीन जब जेल से बार आता है तो उसके स्वागत में जुलूस निकाला जाता है, तब शासन और प्रशासन का सवाल क्यों नहीं उठाया जाता। शहाबुद्दीन ने जेल से जब लालू प्रसाद से बात कर सरकार के एसपी को धमकाया था, तब लोगों ने सवाल क्यों नहीं उठाया?
भाजपा ने साफ कर दिया है नीतीश कुमार गिरिराज सिंह के बारे में कुछ भी सोचें, पार्टी केन्द्रीय मंत्री के साथ खड़ी है। भाजपा ने नीतीश कुमार को ये साफ संकेत दे दिया है कि वे साम्प्रदायिकता के मुद्दे को एक सीमा से अधिक तूल न दें।