लखनऊ ब्यूरो (राज प्रताप सिंह) :: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में अपराधी नहीं भाजपा सरकार ही कहीं गायब हो गई है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। जनता को सुरक्षा नहीं मिल रही है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराधों की शरणस्थली बना दिया है। समाजवादी सरकार ने राज्य को विकास और शांति-व्यवस्था के मामलों में जिस ऊंचाई पर पहुंचा दिया था, भाजपा ने उसको रसातल की ओर धक्का दे दिया है।
अखिलेश ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा है कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री से जिस अधिकारी की शिकायत करो उसी को जांच मिल जाती है। गोरखपुर के विधायक को विधायक होने पर शर्म लगने लगी है। कई विधायक अपनी मायूसी की व्यथा सुनाते रहते हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा की द्वेषपूर्ण राजनीति से प्रदेश में हिंसा को बल मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के वीवीआईपी जिले गोरखपुर में दिनदहाड़े डबल मर्डर हो गया। पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा ने अपने काले कारनामों से उत्तर प्रदेश के सम्मान को गहरी ठेस पहुंचाई है। साढ़े तीन वर्षों में भाजपा सरकार की उपलब्धि के नाम पर बर्बादी ही उत्तर प्रदेश को मिली है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश का जितना अहित किया उतना किसी दूसरी सरकार में नहीं हुआ।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !