दरभंगा : राजग के बाद महागठबंधन की ओर से राजद के अब्दुलबारी सिद्दीकी का नाम दरभंगा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार के रूप में घोषित किये जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढने लगी है। इसी बीच राजद नेता पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री मो. अली अशरफ फातमी ने टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से बगावत करने की मंशा जाहिर की है। कल दरभंगा में पत्रकारों के सामने उन्होंने एक ओर जहां पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किये। वहीं दूसरी ओर उनका दर्द भी छलक कर सामने आया। देखना है कि राजद अपने इस परेशानी का कैसे मुकाबला करता है। इसी बीच राष्टÑीय जनता दल के जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव ने वक्तव्य जारी कर विधायक ललित कुमार यादव के कृष्णापुरी, अल्लपट्टी स्थित आवास पर 31 मार्च को महागठबंधन के उम्मीदवार के नामांकन की तैयारी के लिए बैठक बुलाई है।

दरभंगा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार श्री सिद्दीकी बैठक में उपस्थित हो चुके हैं। राजद समर्थकों में गजव का उत्साह देखा जा रहा है। बैठक में राजद विधायको समेत कई कार्यकर्ता भी शामिल हो चुके हैं। एक ओर जहां श्री फातमी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के अपने पक्ष में होने का दावा किया है। वहीं दूसरी ओर राजद जिलाध्यक्ष द्वारा बुलाई गई बैठक में संगठन के लोगों की उपस्थिति और कार्यकर्ताओं के मिजाज को देखना दिलचस्प होगा। क्योंकि अभी तक के चुनावी समर में दरभंगा संसदीय क्षेत्र से राजग और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। ऐसे में श्री फातमी का दर्देंबयां और बगावती तेवर क्या गुल खिलाएगा, इसका अभी भी लोगों को इंतजार है। इस बीच फातमी समर्थकों का कहना है कि जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इन सबके बीच जहां राजग के भाजपा उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर जनसम्कर्प अभियान में जुट गये हैं और गांव-गांव घूमकर 5 अप्रैल के अपने नामांकन में लोगों को शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। बहरहाल एक ओर जहां राजग के उम्मीदवार जनसम्पर्क अभियान में जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन और राजद ने अभी तक अपनी रूप-रेखा भी तय नहीं कर पाई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !