पटियाला। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ताबड़तोड़ मुठभेड़ में गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से विदेशी हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के शूटर मोटरसाइकिल पर पटियाला के अर्बन एस्टेट साइड की ओर आ रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों घायल हुए। मौके से दो पिस्टल, तीन जिंदा और सात खाली कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह (20) और अनुज कुमार (21), दोनों निवासी चमकौर साहिब, जिला रूपनगर के रूप में हुई है। एसएसपी ने बताया कि ये दोनों सीधे गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में थे और उनके इशारे पर फिरौती व हिंसक घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों पर पहले से ही कई संगीन वारदातों में केस दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि 12 दिसंबर 2025 को ये दोनों शूटर पटियाला के गांव गदोमाजरा में 70 वर्षीय दर्शन सिंह पर हमला कर चुके थे। इस हमले का मकसद उनके बेटे से फिरौती लेना था, जो अमेरिका में रहता है। पुलिस ने बताया कि इस वारदात में दर्शन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि बरामद पिस्टल इटली में बनी हैं और आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पटियाला में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दोनों शूटरों की गिरफ्तारी से गोल्डी ढिल्लों गैंग के खतरनाक नेटवर्क को झटका लगा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !