Breaking News

तीसरी बार टॉवर चढ़ना पड़ा भारी: हाईटेंशन लाइन से 90 फीट नीचे गिरा युवक, सिर में गंभीर चोट से मौत

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ओबरा थाना क्षेत्र के खैरटिया टोला में गुरुवार दोपहर हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े एक युवक की अचानक गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। युवक करीब 90 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान पनारी ग्राम पंचायत के गुडुर टोला निवासी शंभू यादव (35) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे लोगों ने शंभू को हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ते देखा। पहले तो ग्रामीणों को लगा कि वह किसी काम से ऊपर जा रहा है, लेकिन जब वह बिना रुके लगातार ऊपर चढ़ता चला गया तो लोग घबरा गए।

ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे नीचे उतरने की अपील की, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण उसकी कोई प्रतिक्रिया स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं दी। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, युवक टॉवर पर करीब 90 फीट ऊपर पहुंच चुका था।

अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा। नीचे गिट्टी और पत्थर होने के कारण गिरते ही उसका सिर जमीन में करीब छह इंच तक धंस गया। गंभीर चोट के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, शंभू यादव लकड़ी बेचने का काम करता था और इससे पहले भी वह दो बार हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ चुका था। इस बार तीसरी बार टॉवर पर चढ़ना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। लोगों का कहना है कि घटना के वक्त वह नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

ओबरा थाना प्रभारी विजय सिंह चौरसिया ने बताया कि युवक के टॉवर पर चढ़ने के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में हाईटेंशन लाइनों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …