राज प्रताप सिंह,ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ।नवचयनित 2942 ग्राम विकास अधिकारियों की ऑनलाइन तैनाती प्रक्रिया का शुभारंभ सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ करेंगे। डॉ. राममनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों से नियुक्ति पत्र पाकर अधिकारी तैनाती वाले जिलों को रवाना होंगे।
ग्राम्य विकास आयुक्त नागेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया है कि चयनित अधिकारियों को गृह जिला अथवा पसंद के दूसरे जिले में तैनाती देने की यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। मेरिट के आधार पर साफ्टवेयर के माध्यम से अधिकारियों की तैनाती के लिए जिले का चयन किया गया है। पहली बार किसी भर्ती प्रक्रिया के बाद तैनाती में साफ्टवेयर की मदद ली जा रही है।

जिलेवार बैठने की व्यवस्था की गई है
सभागार में यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा। चयनित ग्राम विकास अधिकारियों के बैठने की जनपदवार और मंडलवार व्यवस्था रहेगी। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए एडमिट कार्ड और साक्षात्कार पत्र लाना अनिवार्य किया गया है।
नियुक्ति पत्र चयनित अधिकारी के उपस्थित होने पर उसे ही दिया जाएगा। चयनित अधिकारियों को सुबह 10:30 तक हाल में अपना स्थान ग्रहण करना होगा। कार्यक्रम के दौरान किसी भी चयनित अभ्यर्थी के मित्रों अथवा परिजनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आयुक्त श्री सिंह ने बताया है कि चयनित ग्राम विकास अधिकारियों के लिए वर्कशाप का आयोजन भी किया गया है। वर्कशाप के माध्यम से उन्हें विभाग के कार्यों तथा शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

गृह जिले में तैनाती में दिव्यांग और महिलाओं को प्राथमिकता
गृह जिले में तैनाती में चयनित दिव्यांग तथा महिला अधिकारियों को प्राथमिकता दी गई है। साफ्टवेयर द्वारा आयोग की मेरिट के आधार पर गृह जिलों में सामान्य, पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जाति/जनजाति के श्रेणीवार आरक्षण के रिक्त पदों के सापेक्ष वरिष्ठता के आधार पर तैनाती दी जाएगी।
पढें यह भी खबर- लखनऊ: बीटीसी प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन, तीन ने लगाई नदी में छलांग
2942 नए अधिकारियों की तैनाती के बाद प्रदेश में ग्राम विकास अधिकारियों 1126 पद रिक्त रह जाएंगे। विभाग ने 998 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन उ.प्र.अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। शेष 363 पद के लिए अधियाचन भेजे जाने की तैयारी कर ली गई है।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !