पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें चार बच्चों की मां इंस्टाग्राम पर बने प्रेम संबंध के चलते अपने परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। करीब दस दिन बाद पुलिस हस्तक्षेप और पंचायत के बाद महिला अपने बच्चों के साथ घर लौट आई।

जानकारी के अनुसार, कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के बाने ग्राम सभा के टोला जलारे की निवासी महिला की पहचान चार बच्चों की मां के रूप में हुई है। महिला का संपर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए मनीराम क्षेत्र के एक 28 वर्षीय युवक से हुआ था।
दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे बढ़ती गई और यह संबंध प्रेम में बदल गया। करीब दस दिन पहले महिला अचानक अपने घर से गायब हो गई। उसके अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
महिला के पति और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कई दिनों तक कोई सफलता नहीं मिली। बाद में सूचना मिली कि महिला पीपीगंज क्षेत्र में एक किराए के मकान में अपने प्रेमी के साथ रह रही है।
शनिवार को महिला के पति, बच्चे और अन्य परिजन उक्त स्थान पर पहुंचे। वहां महिला को देखकर बच्चों ने उसे घर चलने के लिए कहा, लेकिन महिला ने शुरुआत में मना कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो विवाद में बदल गई।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
थाने में थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह की मौजूदगी में पंचायत आयोजित की गई। करीब दो घंटे तक चली इस पंचायत में दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान महिला के बच्चों ने अपनी मां से घर लौटने की अपील की, जिससे माहौल भावुक हो गया। बच्चों की स्थिति को देखते हुए अंततः महिला ने घर लौटने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार, महिला को उसके परिवार के साथ सुरक्षित भेज दिया गया है। साथ ही मामले में संबंधित युवक के संबंध में जांच की जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !