गोरखपुर। पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क को नई रफ्तार देने जा रही डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस आज, 18 जनवरी को अपने पहले सफर पर निकल रही है। इस आधुनिक ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के अवसर पर यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलाई जा रही है, जबकि इसका नियमित संचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा।

यह अत्याधुनिक ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ से चलकर शक्तिपीठ मां कामाख्या, गोरखपुर और अयोध्या धाम जैसे प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक केंद्रों से होते हुए राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर तक पहुंचेगी। कुल 22 कोचों के साथ चलने वाली यह ट्रेन यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और तेज यात्रा का अनुभव देगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 05949 आज सुबह 11 बजे डिब्रूगढ़ से रवाना होगी। यह ट्रेन अपने मार्ग में मोराणहाट, सिमालगुड़ी, मरियानी, फरकाटिंग, दीमापुर, छपरा, सीवान और देवरिया सदर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसके बाद सोमवार रात 12:45 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर खलीलाबाद, मनकापुर, अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट होते हुए सुबह 9 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी।

सुरक्षा के लिहाज से अमृत भारत एक्सप्रेस को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। ट्रेन में सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी ब्रेकिंग संभव हो सके। इसके साथ ही यह ट्रेन कवच सुरक्षा प्रणाली से भी सुसज्जित है, जो टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाती है।
अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से न केवल पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी नई गति मिलेगी। रेलवे का यह कदम यात्रियों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !