बिहार/पटना (संजय कुमार मुनचुन) : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए आज दलों के बीच खड़ी दीवार गिर गयी। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रार्थना सभा में बिहार के सभी प्रमुख दलों के नेता शामिल हुए। इस मौके पर सभी धर्मों के प्रतिनिधि भी जुटे। सर्वधर्म और सर्वदलीय प्रार्थना सभा में दिवंगत अटल जी श्रद्धांजलि दी गयी।
प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल सत्यपाल मलिक, विधानसभा के अध्यक्ष विजय चौधरी, विधान परिषद के उप सभापित हारूण रशीद, लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान, राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, कांग्रेस के एमएलसी प्रेमचंद मिश्रा मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र गंभीर रूप से बीमार होने के बाद भी यहां आये।
रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने भी प्रार्थना सभा में शिरकत की। भाजपा की तरफ से उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, रामकृपाल यादव, सांसद राजीव प्रताप रूडी भी प्रार्थना सभा में शामिल हुए। बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, ब्रज किशोर विंद, केके ऋषि, रामनारायण मंडल, राणा रंधीर, प्रमोद कुमार ने भी अटल जी को याद किया। प्रार्थना सभा में हिन्दू, बौद्ध, सिख, जैन, ईसाई, मुस्लिम और पारसी धर्मगुरु भी शामिल हुए।