दरभंगा (विजय सिन्हा) : लहेेेरियासराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस पब्लिक भिड़त हो गई। दरअसल पुलिस कस्टडी में एक आरोपी की मौत के बाद लोगों ने जमकर बवाल काटा। इस क्रम में आगजनी और रोड़बाजी की जा रही है। सोमवार को शराब पीने के आरोप में पकड़े गए 8 आरोपियों में से एक की मौत मंगलवार को हो गई। जिसके बाद परिवार और मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने पीट पीटकर हत्या कर दी है। इसके विरोध में लोगों ने कई जगहों पर जाम कर आगजनी और तोड़फोड़ की। 
दरभंगा-समस्तीपुर मुख्य सड़क को 5 जगहों पर बांस-बल्ला लगाकर बंद कर दिया गया है और आगजनी की जा रही है। इस बीच बम फोड़े जाने की भी सूचना है और वह पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया है। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस विफल साबित हो रही है। इस दौरान राहगीरों के साथ भी मारपीट की गई। इसको देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं खबर लिखे जाने तक दरभंगा समस्तीपुर मुख्य मार्ग जाम था।
बता दें कि लहेरियासराय थाना पुलिस ने सोमवार को सैदनगर मोहल्ले से शराब पीने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसे मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि न्यायालय परिसर में सैदनगर के रहने वाले रामवृक्ष मलिक की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद परिजनों के साथ पुलिस उसे डीएमसीएच इलाज के लिए ले गयी। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामबृक्ष मलिक डीएमसीएच के ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट मैं सफाईकर्मी के पद पर पदस्थापित थे।
मौत की सूचना फैलते ही डीएमसीएच के कर्मी भी आक्रोशित हो गए। साथ गए थाना पुलिस को खदेड़ कर भगा दिया। मौत की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए और दरभंगा समस्तीपुर मुख्य मार्ग को टायर जलाकर जाम कर दिया। दरभंगा समस्तीपुर मुख्य मार्ग को जाम किए जाने के बाद बातचीत करने पहुंची पुलिस को भी दौड़ाया।
मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम, एसडीओ राकेश गुप्ता, डीएसपी अनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल स्थिति पर नियंत्रण पाने में लगे हुए हैं। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !

