जालंधर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां डिप्टी कमिश्नर कार्यालय स्थित एसडीएम जालंधर-1 दफ्तर में तैनात चौकीदार आनंद किशोर को शातिर तरीके से अगवा कर बुरी तरह पीटा गया।

जानकारी के अनुसार, देर रात दो युवक आनंद किशोर के पास पहुंचे और उसके बेटे के एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपी उसे चहेडू पुल के पास ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में हमलावर उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
आनंद किशोर पूरी रात बेहोशी की हालत में वहीं पड़ा रहा। सुबह एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी, जिसने तुरंत उसके परिवार को सूचना दी। परिजन उसे आनन-फानन में जालंधर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन घटना स्थल फगवाड़ा क्षेत्र में होने के कारण डॉक्टरों ने उसे फगवाड़ा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।
इस घटना को लेकर डीसी ऑफिस क्लास फोर इम्प्लाइज यूनियन के प्रधान अमरजीत सिंह ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !