राज प्रताप सिंह (लखनऊ ब्यूरो) :: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उम्मीद संस्था द्वारा गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए वितरित की जाने वाली सामग्री वाहनों को मंगलवार को राजभवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने से दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है। गरीब व असहाय लोगों की सेवा करना पुण्य का काम है। राज्यपाल ने उम्मीद संस्था द्वारा कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में जरूरतमंदों को भोजन सामग्री उपलब्ध कराने पर संस्था की प्रशंसा की। राज्यपाल ने जिलाधिकारी व संस्था के पदाधिकारियों से टीबी रोग से पीड़ित बच्चों को भी पोषण सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। राज्यपाल ने लोगों का आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोग आरोग्य सेतु ऐप से जुड़े, जिससे कोरोना महामारी से बचाव की दिशा में कारगर उपाय किये जा सकें। डीएम लखनऊअभिषेक प्रकाश ने योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में राज्यपाल को जानकारी दी। अजीज प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से बांटी जाने वाली यह खाद्य सामग्री लगभग 1000 जरूरतमंद व्यक्तियों को बांटी जाएगी। उम्मीद संस्था के संस्थापक बलवीर सिंह मान, संरक्षक अरविंद सिंह कोहली, उप सचिव आराधना सिंह सिकरवार आदि उपस्थित थे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !