रामपुर से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां एक सिपाही पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने और उस पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के विष्णु विहार इलाके की है। यहां रहने वाली अनीता यादव ने अपने पति विनय कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। विनय कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और इस समय मुरादाबाद के मूंढापांडे थाने में तैनात बताया जा रहा है।
अनीता के मुताबिक, उसकी शादी के बाद से ही पति के साथ संबंध ठीक नहीं रहे। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला अदालत तक पहुंच गया। इसी कारण पति उससे नाराज रहने लगा और अक्सर उसे परेशान करता था।
पीड़िता ने बताया कि 28 मार्च को विनय अचानक उसके घर पहुंचा। पहले तो दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर विनय ने अनीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने बेरहमी से उसे पीटा और फिर चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया।
हमले में अनीता गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। होश आने पर अनीता ने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इसके बाद अनीता ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर अपने पति के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल एक पारिवारिक विवाद का मामला है, बल्कि यह पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े करती है। कानून के रखवाले पर ही कानून तोड़ने का आरोप लगना चिंताजनक है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !