Breaking News

**हरदोई में रिश्तों की मर्यादा टूटी, प्रेम ने ली दो जानें

जीजा–साली ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, क्षत-विक्षत शवों से दहशत**

हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों की सीमाएं लांघ चुका प्रेम आखिरकार दो जिंदगियों के अंत का कारण बन गया। जीजा और उसकी साली ने लखनऊ–दिल्ली रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

यह दर्दनाक घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के खदरा रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार देर रात करीब सवा दो बजे हुई। घने कोहरे के बीच जब ट्रेन वहां से गुजरी, तो ट्रैक पर युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। शवों की हालत इतनी भयावह थी कि पहचान कर पाना मुश्किल हो गया, बाद में कपड़ों और शरीर पर मौजूद निशानों से परिजनों ने उनकी पहचान की।

हरियाणा में काम करता था युवक, छह माह से नहीं आया था घर

मृतक की पहचान बघौली थाना क्षेत्र के गड़ेउरा गांव निवासी रितेश कुमार सिंह (28) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के बहादुरगढ़ में रेक्सीन सोल बनाने वाली एक फैक्टरी में काम करता था। परिजनों के अनुसार, रितेश शादी नहीं करना चाहता था, लेकिन परिवार के दबाव में 3 जुलाई 2024 को उसकी शादी सुमेरपुर निवासी शिवी सिंह से कर दी गई।

शादी के बाद रितेश का ससुराल आना-जाना बढ़ गया, लेकिन पिछले छह–सात महीनों से वह अपने घर नहीं आया था। इसी दौरान उसका अपनी साली मुस्कान (23) से प्रेम संबंध हो गया, जिसकी भनक धीरे-धीरे परिवारों को लगने लगी।

दवा लेने के बहाने निकली मुस्कान, फिर नहीं लौटी

13 जनवरी की सुबह मुस्कान ने घरवालों से मल्लावां बाजार दवा लेने जाने की बात कही और घर से निकल गई। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश शुरू हुई और शक की सुई सीधे रितेश पर जा टिकी। इसकी जानकारी रितेश के भाई साकेत को दी गई।

साकेत ने जब रितेश से फोन पर बात की तो उसने गांव आने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।

बुआ के घर बैग और मोबाइल छोड़कर निकला था रितेश

बुधवार रात करीब 12 बजे रितेश शहर के सुभाषनगर मोहल्ले में रहने वाली अपनी बुआ बिट्टी सिंह के घर पहुंचा। वहां उसने अपना बैग और मोबाइल फोन छोड़ दिया और कहा कि वह किसी जरूरी काम से लखनऊ जा रहा है। जाते समय उसने बुआ से कहा कि सुबह ये सामान साकेत को दे देना।

बुआ को अंदाजा नहीं था कि यह रितेश की आखिरी मुलाकात है।

सीसीटीवी में दिखी मुस्कान, दोनों साथ निकले

पुलिस जांच में सामने आया कि सुभाषनगर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में मुस्कान को बुधवार रात बुआ के घर के आसपास देखा गया। माना जा रहा है कि वह रितेश को लेने वहां पहुंची थी। दोनों वहां से साथ निकले और सीधे रेलवे ट्रैक की ओर चले गए, जहां उन्होंने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया।

शवों के टुकड़ों से हुई पहचान

ट्रेन से कटने के कारण दोनों के शव कई हिस्सों में बंट गए थे। मोर्चरी पहुंचे रितेश के भाई साकेत ने उसके बाएं कान के पीछे मौजूद तिल और कपड़ों से पहचान की। वहीं मुस्कान की मां नीतू सिंह ने भी कपड़ों और शरीर के निशानों से बेटी की पहचान की। यह मंजर देखकर परिजन बेसुध हो गए।

45 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन

घटना के समय हावड़ा से काठगोदाम जा रही बाघ एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। लोको पायलट ने ट्रैक पर शव देखकर ट्रेन रोक दी। पुलिस और रेलवे कर्मियों को शव हटाने में काफी वक्त लगा, जिसके चलते ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही।

पुलिस: प्रेम प्रसंग का मामला, जांच जारी

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह और सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में मामला प्रेम प्रसंग का ही प्रतीत हो रहा है। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

शादी की तैयारी में था परिवार, एक फैसले ने उजाड़ दी दुनिया

मुस्कान के फूफा सर्वेश सिंह ने बताया कि परिवार उसकी शादी के लिए लड़का तलाश रहा था और जल्द विवाह की तैयारी थी। यदि वह रितेश से शादी करना चाहती थी, तो परिवार से बात की जा सकती थी। लेकिन जल्दबाजी और भावनात्मक दबाव ने ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया, जिसने दो परिवारों को हमेशा के लिए तोड़ दिया।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …