Breaking News

Unnao Road Accident: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार परिवार; माता-पिता समेत दो मासूमों की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। लखनऊ–कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो छोटे बच्चों की जान चली गई, जबकि परिवार की बड़ी बेटी चमत्कारिक रूप से बच गई।

वैवाहिक कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) पुत्र गुरुचरण बुधवार को अपने परिवार के साथ लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित दयालखेड़ा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह रात करीब 11:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।

वीरेंद्र की बाइक पर उनकी पत्नी रीतू (33), 9 वर्षीय बेटी अनुराधा और 6 वर्षीय बेटा रुद्र सवार थे। वहीं उनकी बड़ी बेटी नैनसी (15) पीछे से आ रहे वीरेंद्र के साढ़ू रंजीत की बाइक पर बैठी हुई थी।

हाईवे पर रुके, तभी पलटी किस्मत

भल्ला फार्म तिराहे के पास वीरेंद्र ने पीछे आ रहे साढ़ू को न देख बाइक रोक दी और उसका इंतजार करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर हाईवे पर पलट गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बाइक सवार परिवार को कुचलते हुए निकल गया।

चार जिंदगियां एक झटके में खत्म

इस दर्दनाक हादसे में वीरेंद्र, उनकी पत्नी रीतू और दोनों बच्चे अनुराधा व रुद्र की मौके पर ही मौत हो गई। चूंकि बड़ी बेटी नैनसी दूसरी बाइक पर सवार थी, इसलिए वह इस हादसे में सुरक्षित बच गई।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इलाके में शोक की लहर

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव और इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह से खुशी-खुशी लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में हादसे का शिकार हो गया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के सामाजिक सरोकारों को मिला सम्मान

‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 में नम्रता पाठक ने मंच से सराहे दोनों के …