अपनी सभाओं में सीएम योगी ने बार-बार दोहराया कि उन्होंने अफसरों को पहले ही सख्त हिदायत दी थी कि जुमे की नमाज़ के चलते इस बार होली पर रंग खेलने का वक्त कम नहीं किया जाएगा।
लखनऊ,ब्यूरो:राज प्रताप सिंह।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा क्षेत्र की दो चुनावी सभाओं में होली के मौके पर जुमे की नमाज का वक्त बदले जाने का श्रेय अपनी सरकार को दिया।
उन्होंने एक तरफ कहा कि होली के मौके पर जुमे की नमाज़ का वक्त बदलकर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने अच्छी पहल की है।वहीं उन्होंने दोनों ही सभाओं में यह बात जोर देकर कही कि साल में एक बार पड़ने वाले होली के त्यौहार का सभी को सम्मान तो हर हाल में करना पड़ेगा।
इतना ही नहीं सीएम योगी ने दोनों ही सभाओं में होली के त्यौहार और जुमे की नमाज़ की आपस में तुलना भी करते हुए कहा कि होली का महत्व इसलिए ज़्यादा है क्योंकि वह साल में एक बार पड़ती है।
लेकिन जुमे का दिन तो साल में 52 बार आता है।उन्होंने इस बात का श्रेय लेने की भी कोशिश की कि उनके दबाव की वजह से ही इस बार होली का रंग खेलने का वक्त कम नहीं किया गया।बल्कि पहली बार होली की वजह से जुमे की नमाज़ को दो घंटे के लिए आगे बढ़ाना पड़ा।
अपनी सभाओं में सीएम योगी ने बार-बार दोहराया कि उन्होंने अफसरों को पहले ही सख्त हिदायत दी थी कि जुमे की नमाज़ के चलते इस बार होली पर रंग खेलने का वक्त कम नहीं किया जाएगा।
सीएम योगी ने दोनों ही सभाओं में होली और जुमे की नमाज़ की तुलना की और वाहवाही लूटकर लोगों को लुभाने की कोशिश की।वहीं सीएम ने एक बार फिर से अपराध को लेकर सख्त संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि यूपी में अराजकता और अपराध के लिए कोई जगह नहीं है।उन्होंने कहा है कि ऐसे लोगों की जगह जेल में होनी चाहिए।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !