डेस्क : मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज चौक के पास अपराध की योजना बनाते 10 अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा. पुलिस ने उनके पास से ट्रांसपोर्टर कुंदन सिंह हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है. 
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक दर्जन अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर घेराबंदी की गई.
हथियार सहित कई चीजें बरामद
इस दौरान पुलिस छापेमारी में 10 अपराधी पकड़े गए. अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो गोली, दो बाइक और मोबाइल बरामद हुआ है. पुलिस गिरफ्तार अपराधियों की प्रोफाइल खंगाल रही है.
अपराधियों पर कई थानों में मुकदमें दर्ज
एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों पर कई थानों में मुकदमें दर्ज हैं. ये अपराधी उत्तर बिहार के कई बड़े गिरोहों से जुड़े हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड में बीते दिनों हुए ट्रांसपोर्टर हत्याकांड में भागने के दौरान अपराधियों की पिस्टल गिर गई थी. जो इन अपराधियों के पास से बरामद हुई. पुलिस ट्रांसपोर्टर कुंदन सिंह हत्याकांड को भी इन अपराधियों से जुड़े होने की आशंका जता रही है.
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
