लखनऊ,ब्यूरो: राज प्रताप सिंह।
मायावती ने कहा कि सत्ताधारी बीजेपी के नेताओं को चाहिए कि वे संत रविदास के जन्मदिन पर परंपरा का दिखावा करने की बजाए जनता के हित व कल्याण पर खास ध्यान दें।बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कासगंज हिंसा मामले में प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला किया।उन्होंने कहा कि कासगंज में बिना उचित सरकारी अनुमति के ही ‘यात्रा’ आदि निकालने का समर्थन करके बीजेपी सरकार हिंसा को सही ठहराने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि ये सीधे तौर पर न्याय का गला घोंटने का प्रयास है।मायावती ने संत रविदास की जयंती के मौके पर जनता को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपना सारा जीवन इंसानियत का संदेश देने में गुजारा।वह पूरी जिंदगी जातिभेद के खिलाफ कड़ा संघर्ष करते रहे।उन्होंने कहा कि आज के संकीर्ण व जातिवादी दौर में उनके मानवतावादी संदेश की अहमियत है।मन को हर लिहाज से वाकई चंगा करने की जरूरत है।
मायावती ने कहा कि बसपा सरकार ने संत रविदास के नाम पर भदोही जिले का नामकरण,वाराणसी में पार्क,घाट की स्थापना के साथ ही फैजाबाद में राजकीय महाविद्यालय आदि की स्थापना की।मायावती ने कहा कि इसके अलावा बसपा सरकार में हमने चंदौली में पॉलिटेक्निक,वाराणसी में एससी,एसटी प्रशिक्षण संस्थान,गंगा पुल का नामकरण,बदायूं में धर्मशाला,बिल्सी में प्रतिमा स्थपित की।यही नहीं कई कार्य महान संत के नाम पर अपनी सरकार के दौरान किए।उन्होंने कहा कि सत्ताधारी बीजेपी के नेताओं को चाहिए कि वे संत रविदास की अमरवाणी को अपने जीवन में उतारें।उनके जन्मदिन पर परंपरा का दिखावा करने की बजाए जनता के हित व कल्याण पर खास ध्यान दें।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !