कर्नाटक के हुबली शहर में पुलिस की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने केशवपुर पुलिस स्टेशन के कुछ पुलिसकर्मियों पर हिरासत के दौरान गंभीर बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद भाजपा समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
.
जानकारी के अनुसार, महिला को कांग्रेस के एक नगर निगम पार्षद द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर हिरासत में लिया गया था। यह शिकायत मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। महिला का आरोप है कि हिरासत के दौरान उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया।
इस मामले से जुड़ी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित महिला पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं और हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं। उन पर यह भी आरोप लगाए गए हैं कि उन्होंने कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटाने में अधिकारियों की मदद की थी, जिससे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के खिलाफ पहले से कुछ मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस कमिश्नर स्वयं केशवपुर पुलिस स्टेशन में मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और कांग्रेस तथा भाजपा, दोनों ही एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज करा रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !