गाजियाबाद के सिहानी गेट क्षेत्र स्थित रॉयल किंग होटल में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। जांच में सामने आया कि महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल में ठहरी थी, जहां दोनों ने जमकर शराब पी। नशे की हालत में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में हिंसा में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने साथी पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर महिला ने गुस्से में युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे बौखलाए युवक ने महिला पर लात-घूंसों और कोहनी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई।
आरोपी युवक ने इसके बाद दोबारा शराब पी और उसी कमरे में महिला के पास सो गया। सुबह जब महिला के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब युवक को अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने खुद ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत फेफड़े और लिवर फटने से हुई है। इसके अलावा उसकी कई पसलियां भी टूटी हुई पाई गईं। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि मृतका की शादी पहले रोहित कुमार से हुई थी, जिससे उसके दो बेटे हैं। करीब दो साल पहले बीमारी के कारण उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद महिला नशे की लत की शिकार हो गई, जिस कारण ससुराल वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे।
महिला का खर्च आरोपी युवक ही उठाता था और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। घटना वाले दिन 10 जनवरी की शाम दोनों होटल पहुंचे थे।
परिजनों ने पहले शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, महिला के गलत आचरण और नशे की आदतों से नाराज होकर परिवार पहले ही उससे दूरी बना चुका था। बाद में काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव ले गए।
महिला के बेटे की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !