पंजाब के मुक्तसर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लंबी क्षेत्र के गांव आलमवाला के पास एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय महिला और उसकी ढाई साल की मासूम बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि कार चालक किसी तरह जान बचाने में सफल रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार कार के नहर में गिरने की आवाज सुनते ही ग्रामीण रस्सियां लेकर मौके पर पहुंचे। कार चालक खिड़की खुलने के कारण पानी में बह गया, लेकिन झाड़ियों में हाथ फंसने से वह बच गया। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से उसे बाहर निकाला। इसके बाद नहर में उतरकर महिला और बच्ची को बाहर निकाला गया और मलोट के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना कबरवाला के एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रही गाड़ी की तेज लाइट से चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार नहर में गिर गई। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !