Breaking News

बागपत: बड़ौत में हिंसक झड़प, फायरिंग में कक्षा

बागपत जिले के बड़ौत नगर में गुरुवार रात मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। खत्रीगढ़ी मोहल्ले में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें कक्षा दो का एक छात्र गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, खत्रीगढ़ी मोहल्ले में रहने वाले लोगों के बीच गली में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक अपने मकान की छत पर चढ़ गया और अवैध तमंचे से फायरिंग करने लगा। फायरिंग के बीच पत्थर भी चलने लगे, जिससे पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया।

इसी दौरान एक गोली दीपक वर्मा के 10 वर्षीय बेटे हर्ष के पेट में जा लगी। हर्ष कक्षा दो का छात्र है। गोली लगते ही बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और परिजन घबरा गए। गोली चलाने वाले युवक पर तमंचे की बट से हमला कर मौके से फरार होने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। घायल बच्चे को तुरंत लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे, जहां से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। डॉक्टरों ने हर्ष का प्राथमिक उपचार किया और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

हर्ष के पिता दीपक वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न बने।

मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल ने बताया कि दो युवकों के बीच विवाद के बाद स्थिति बिगड़ी। एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंचे, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान गोली चलने से बच्चा घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …