उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शुक्रवार देर शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर तिराहे के पास एक राजमिस्त्री कार के नीचे फंसकर करीब 12 किलोमीटर तक घिसटता चला गया। जब तक मामले का पता चला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कार चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम एक कार शहर के बाहर से लालपुल की ओर होते हुए बदायूं शहर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो सवार ने ओवरटेक करते हुए कार चालक को इशारा कर बताया कि उसकी गाड़ी के नीचे कोई व्यक्ति फंसा हुआ है और सड़क पर घिसट रहा है। यह सुनते ही कार चालक ने वाहन रोक दिया। नीचे देखा तो उसके होश उड़ गए—कार के नीचे एक युवक का शव फंसा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
पुलिस ने मृतक की जेब की तलाशी ली, जिसमें आधार कार्ड मिला। पहचान के अनुसार मृतक बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी घलेंद्र पुत्र चुन्नी लाल था। वह पेशे से राजमिस्त्री था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
कार चालक प्रवेंद्र प्रताप सिंह, निवासी गांव असरासी, ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह गांव से शहर आ रहे थे। उनके अनुसार रास्ते में किसी भी तरह के हादसे का उन्हें आभास नहीं हुआ और न ही उन्होंने किसी को टक्कर मारने की बात स्वीकार की। युवक कार के नीचे कैसे फंसा, यह उनके लिए भी एक रहस्य है।
परिजनों ने बताया कि घलेंद्र शुक्रवार सुबह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। शाम करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि किसी हादसे में उसकी मौत हो गई है। जब वे मौके और फिर मोर्चरी पहुंचे, तो यह जानकर स्तब्ध रह गए कि उसका शव एक कार के नीचे फंसा मिला। परिजनों का आरोप है कि अगर वह बाइक से निकला था, तो वह कार के नीचे कैसे आया—यह सवाल कई संदेह खड़े करता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं कि हादसा कहां और कैसे हुआ। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वाहन की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का पूरा सच सामने लाया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं, वहीं पुलिस हर पहलू से जांच कर सच्चाई तक पहुंचने का दावा कर रही है
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !