उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में मेट्रो परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। आने वाले महीनों में आगरा वासियों को बेहतर और तेज शहरी परिवहन की सौगात मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के अनुसार, मार्च के अंत तक आगरा मेट्रो पहले कॉरिडोर में आरबीएस कॉलेज तक दौड़ने लगेगी। वहीं, दूसरे कॉरिडोर का ट्रायल जून से शुरू किया जाएगा और अगस्त तक इस रूट पर भी मेट्रो सेवा शुरू होने की तैयारी है।

यूपीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि आगरा में कुल करीब 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इस पूरे रूट पर आधुनिक तकनीक से लैस मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनकी अधिकतम गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी। अगले सप्ताह से तेज रफ्तार ट्रायल भी शुरू किए जा रहे हैं।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, दूसरे कॉरिडोर पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक 75 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। आने वाले दो महीनों में पांच स्टेशनों तक ट्रैक का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आगरा कैंट से आगरा कॉलेज के बीच मेट्रो का ट्रायल शुरू किया जाएगा।
आगरा कॉलेज स्टेशन को दोनों कॉरिडोर का जंक्शन बनाया जा रहा है। यहां यात्रियों को एक कॉरिडोर से दूसरे कॉरिडोर में आसानी से मेट्रो बदलने की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में पहले कॉरिडोर पर ताज पूर्वी से मन:कामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो सेवा संचालित हो रही है। मार्च के अंत तक यह सेवा आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक बढ़ा दी जाएगी, जिसके लिए ट्रायल पहले ही शुरू हो चुके हैं।
योजना के अनुसार, मार्च के अंत तक पहले कॉरिडोर पर कुल 10 स्टेशनों पर मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। इसके बाद अगस्त तक 15 स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। यूपीएमआरसी ने दिसंबर तक दोनों कॉरिडोर का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसी को देखते हुए मशीनों और कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।
30 किलोमीटर में 30 मेट्रो ट्रेनें चलाने की योजना
यूपीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि आगरा में मेट्रो का विस्तार करीब 30 किलोमीटर तक किया जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क पर अप और डाउन दोनों लाइनों के लिए कुल 30 मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी। अभी तक 18 मेट्रो ट्रेनें आगरा पहुंच चुकी हैं, जबकि 12 और ट्रेनों का आना बाकी है। सभी ट्रेनों को पीएससी मैदान में बने डिपो में रखा जाएगा, जहां से उनका संचालन और रखरखाव किया जाएगा।
आगरा मेट्रो के विस्तार से शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि प्रदूषण और जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !