Breaking News

फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से ठगी, मेरठ में चार शातिर गिरफ्तार

मेरठ। सस्ते दाम पर ऑनलाइन सामान दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का साइबर पुलिस और मुंडाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन और सजावटी सामान बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर महंगे घरेलू सजावटी सामान, झूमर और अन्य उत्पादों की आकर्षक तस्वीरें अपलोड करते थे। ये तस्वीरें वे अन्य असली व्यापारिक पेजों से डाउनलोड कर अपने मोबाइल नंबर के साथ पोस्ट कर देते थे, ताकि ग्राहक उन्हें असली विक्रेता समझ लें।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुंडाली निवासी सलमान, सलीम, मतलूब और जीशान के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बताया कि साइबर सेल को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस गिरोह पर नजर रखी जा रही थी। तकनीकी जांच में सामने आया कि ये लोग अलग-अलग नामों से कई फर्जी अकाउंट संचालित कर रहे थे और देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बना रहे थे।

जांच में पता चला कि जब कोई ग्राहक सस्ते दाम देखकर संपर्क करता, तो आरोपी व्हाट्सएप के जरिए उत्पाद की अतिरिक्त तस्वीरें और जानकारी भेजते थे। भरोसा जीतने के बाद वे गूगल पे और फोन पे के माध्यम से एडवांस पेमेंट लेने को कहते थे। जैसे ही रकम ट्रांसफर होती, आरोपी या तो ग्राहक को ब्लॉक कर देते या फिर बहाने बनाकर टालमटोल करते रहते। अंततः न तो सामान भेजा जाता और न ही पैसे वापस किए जाते।

रविवार को साइबर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से मुंडाली क्षेत्र में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उनके पास से नौ मोबाइल फोन, लोहे और कांच के झूमर, कांच की बॉल, लकड़ी के फूल और अन्य डेकोरेशन का सामान बरामद हुआ है। आशंका है कि इन सामानों की तस्वीरें दिखाकर वे ग्राहकों को झांसा देते थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह ने डिजिटल पेमेंट और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर ठगी का नेटवर्क तैयार कर रखा था। आरोपी बार-बार सिम कार्ड बदलते थे ताकि उनकी पहचान पकड़ में न आए। हालांकि साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितनी रकम की ठगी की गई है और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिख रहे अत्यधिक सस्ते ऑफर के झांसे में न आएं और किसी भी अनजान व्यक्ति को एडवांस भुगतान करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।

मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन ठगी के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …