मुजफ्फरपुर : शहर के बैरिया बस स्टैंड पर शुक्रवार की शाम फायरिंग के बाद पुलिस ने मुठभेड़ में एक अपराधी को ढेर कर दिया. दरअसल, तीन की संख्या में आए अपराधियों ने बस स्टैंड में गोलीबारी शुरू कर दी. जिसमें कुंदन सिंह नाम के शख्स को गोली लग गई. 
इस गोलीबारी में एक यात्री भी घायल हो गया. इलाज के दौरान अस्पताल में कुंदन सिंह की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कुंदन सिंह पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं. गोलीबारी के बाद दो अपराधी भागने में कामयाब हो गए. वहीं, एक अपराधी बस स्टैंड में गैराज के पास छिप गया.
उधर गोलीबारी की सूचना पाकर मौके पर क्यूआरटी की टीम पहुंच गई. पुलिस को देखते ही आरोपी फायरिंग करने लगा. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में क्यूआरटी की टीम ने अपराधी को बस में ही ढेर कर दिया.
गोलीबारी के बाद बस स्टैंड में बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई थी. हालांकि, भीड़ को चकमा देकर गोलीबारी को अंजाम देने वाले दो अपराधी फरार हो गए. मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंची. वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है. मृतक अपराधी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
