दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी से चल रहे विवाद के बीच एक सौतेले पिता ने 12 साल के मासूम बेटे की निर्ममता से हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी ने बच्चे का सिर कुचल दिया और धारदार औजार से उसकी एक आंख भी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव का वीडियो बनाकर पत्नी को भेजा और फरार हो गया।

मृतक बच्चे की पहचान अल्तमश के रूप में हुई है, जो शास्त्री पार्क की झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में उसकी मां मुमताज, भाई-बहन और सौतेला पिता वाजिद शामिल हैं। वाजिद पेशे से रिक्शा चालक बताया जा रहा है और पहले से शादीशुदा है।
परिवार वालों के अनुसार, बीते करीब एक सप्ताह से वाजिद और मुमताज के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। आरोप है कि वाजिद मुमताज के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची के घर चली गई थी। मुमताज के वापस न लौटने से वाजिद और उग्र हो गया था और उसने धमकी दी थी कि अगर वह नहीं लौटी तो बेटे को जान से मार देगा।
गुरुवार को अल्तमश और उसका भाई वसी रोज की तरह शास्त्री पार्क स्थित स्कूल गए थे। छुट्टी के बाद वाजिद रिक्शा लेकर स्कूल पहुंचा और दोनों बच्चों को अपने साथ बैठाकर ले गया। शास्त्री पार्क की लालबत्ती के पास उसने बड़े बेटे वसी को रिक्शे पर बैठने के लिए कहा और अल्तमश को अपने साथ पास की झाड़ियों की ओर ले गया। यहीं उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद वाजिद ने मुमताज को फोन कर बेटे को मार देने की जानकारी दी और झाड़ियों का वीडियो भेजा। घबराए परिजनों ने रातभर अल्तमश की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे एक और वीडियो आया, जिसमें झाड़ियों में बच्चे का शव पड़ा दिखाई दे रहा था।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह करीब 9:50 बजे शास्त्री पार्क थाना पुलिस को एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो करीब 12 साल का लड़का गंभीर हालत में पड़ा था, जिसके सिर और आंख पर गहरी चोट के निशान थे। उसे तत्काल जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बच्चे की मां मुमताज के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाजिद की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मासूम की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां मुमताज ने कहा, “उसने मेरे बच्चे को इतनी बेरहमी से मार डाला, इससे अच्छा तो मुझे ही मार देता।” वहीं, बहन ईरम और अन्य परिजन भी सदमे में हैं।
यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करती है कि घरेलू विवाद और हिंसा किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !