कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम और जबरन दोस्ती का खौफनाक मामला सामने आया है। शादी से मना करने पर एक युवक ने युवती पर सर्जिकल ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती के चेहरे और दोनों हाथों में गहरे जख्म आए हैं और करीब 32 टांके लगाने पड़े हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के मोबाइल फोन से धमकी भरी चैट भी बरामद हुई है, जिससे साफ होता है कि वह पहले से युवती को डराने और नुकसान पहुंचाने की नीयत रखता था।

घटना बुधवार शाम की है, जब युवती रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रही थी। भदौरिया चौराहे के पास अचानक आरोपी युवक ने उसे रोक लिया। आरोपी की पहचान काकादेव क्षेत्र के लोहारनभट्ठा निवासी गोलू के रूप में हुई है, जो इलाके की एक एल्युमीनियम दुकान में काम करता है। पुलिस के मुताबिक गोलू काफी समय से युवती पर जबरन दोस्ती का दबाव बना रहा था। युवती और उसका परिवार इस बात से परेशान था, लेकिन सामाजिक दबाव और बदनामी के डर से खुलकर सामने नहीं आ पा रहा था।
पीड़ित युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पहले ही आरोपी को साफ शब्दों में कह दिया था कि उसकी 7 फरवरी को हरदोई में शादी तय हो चुकी है और वह अब उससे किसी भी तरह का संपर्क नहीं रखना चाहती। यही बात आरोपी को नागवार गुजरी। उसने युवती से कहा कि अब उससे बात न करे, इस पर वह आगबबूला हो गया और बदला लेने की ठान ली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद कबूल किया है कि वह युवती का गला काटने के इरादे से सर्जिकल ब्लेड लेकर आया था।
युवती के अनुसार, जैसे ही उसने आरोपी के साथ कहीं चलने से मना किया और विरोध किया, आरोपी ने अचानक सर्जिकल ब्लेड से उसके गले पर वार करने की कोशिश की। युवती ने जान बचाने के लिए हाथ आगे किए, जिससे उसके दोनों हाथ और गाल बुरी तरह कट गए। खून से लथपथ युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे और हाथों पर करीब 32 टांके लगाए। डॉक्टरों के मुताबिक यदि वार थोड़ा भी गहरा होता या सही जगह लग जाता तो युवती की जान भी जा सकती थी। फिलहाल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन मानसिक रूप से वह गहरे सदमे में है।
पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। युवती ने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक छोटी बहन हैं। पिता और भाई ठेला लगाकर किसी तरह परिवार का खर्च चलाते हैं, जबकि वह और उसकी मां घरों में काम करती हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर धमकियां देता था और अश्लील व गाली-गलौज भरे मैसेज भेजता था।
युवती की मां और छोटी बहन ने भी पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरे संदेश भेज रहा था। इन सभी चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स को उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें कई ऐसे मैसेज मिले, जिनमें वह युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा था। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामला मजबूत करते हुए आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
नजीराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला एकतरफा प्रेम और महिला पर दबाव बनाने का है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और एकतरफा प्रेम के खतरनाक परिणामों पर सवाल खड़े करती है। शादी से इनकार करना किसी भी महिला का अधिकार है, लेकिन कुछ लोग इसे अपनी बेइज्जती समझकर हिंसा पर उतर आते हैं। इस मामले में समय रहते लोगों की सतर्कता और पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन यह घटना चेतावनी है कि ऐसे मामलों में शुरुआत से ही सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
फिलहाल युवती का इलाज जारी है और परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और आरोपी को सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह का अपराध करने से पहले सौ बार
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !