नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने एक गुमशुदा बच्ची की तलाश के दौरान पहली बार ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया, जिसमें सफलता हाथ लगी। ड्रोन की मदद से चार वर्षीय बच्ची का शव एक नाले के बीच दलदल में फंसा हुआ मिला, जो जमीन से देखने पर नजर नहीं आ रहा था।

स्निफर डॉग और सीसीटीवी भी रहे बेअसर
जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी को रोहिणी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर, इंदर एन्क्लेव फेज-दो, किराड़ी इलाके से एक महिला ने अपनी चार साल की बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने स्निफर डॉग स्क्वाड और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
ड्रोन से मिली सफलता
इसके बाद पुलिस टीम ने तलाशी का तरीका बदला। हवलदार देवेंद्र नासिर, संदीप, पंकज राजा और विकास की टीम ने ड्रोन की मदद से आसपास के नालों की जांच शुरू की। 12 जनवरी को ड्रोन कैमरे में विद्यापति नगर के पास एक नाले के बीच बच्ची का शव दिखाई दिया, जो कीचड़ में फंसा हुआ था।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव काफी अंदर फंसा होने के कारण पहले नजर नहीं आया था।
ड्रोन इस्तेमाल करने का विचार कैसे आया
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि प्रेम नगर इलाके में कई नाले हैं, जिनमें अधिकांश गहरे और भरे हुए हैं। आशंका थी कि बच्ची चलते समय किसी नाले में गिर गई हो, इसी वजह से ड्रोन से तलाशी का निर्णय लिया गया।
डूबने से मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण डूबना बताया गया है। पुलिस के अनुसार बच्ची मानसिक रूप से कमजोर थी, संभव है कि वह भटकते हुए नाले में गिर गई हो। फिलहाल मामले में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन जांच जारी है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !