Breaking News

अयोध्या में स्टेज पर गाते-गाते थम गई सुरीली आवाज: भजन संध्या के दौरान लोक गायक सोनू सांवरिया का निधन

अयोध्या से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। स्टेज शो के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से 28 वर्षीय लोक गायक सोनू सांवरिया का निधन हो गया। भजन संध्या के बीच मंच पर प्रस्तुति देते समय उनकी हालत अचानक खराब हो गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग सकते में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, हैदरगंज बाजार निवासी सोनू सांवरिया बृहस्पतिवार को अपनी पूरी टीम के साथ सोहावल क्षेत्र के खिरौनी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां से कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वह देर शाम नाका रायबरेली बाईपास स्थित शिव मंदिर में आयोजित भजन संध्या में पहुंचे। रात करीब आठ बजे जब सोनू मंच पर भजन प्रस्तुत कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेज पर ही गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद टीम के सदस्यों और आयोजकों ने उन्हें शहर के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान सोनू सांवरिया ने दम तोड़ दिया। उनके असामयिक निधन से कला जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सोनू परिवार के इकलौते बेटे थे। हैदरगंज के ग्राम प्रधान राकेश अग्रहरि ने बताया कि शनिवेंद्र कुमार उर्फ सोनू सांवरिया ने बहुत कम उम्र में लोक गायन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी। महज 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने सागर अग्रहरि के साथ कीर्तन मंडली के जरिए अपनी सुरीली आवाज से लोगों का दिल जीतना शुरू कर दिया था।

सोनू की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही थी और वह क्षेत्र के जाने-माने कलाकार बन चुके थे। परिवार में उनकी एक विवाहित बहन है, जबकि उनके पिता बाहर रहते हैं और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार, प्रशंसकों और कला प्रेमियों में गहरा दुख है।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …