मेरठ। गाजियाबाद में आयोजित अंडर-14 एनसीआर क्रिकेट लीग में गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जावेद क्रिकेट एकेडमी, फिरोजाबाद को मात दी। मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जावेद क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 35 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। टीम की ओर से आरव ने 39 रन जबकि तेजस्वी ने 30 रनों की अहम पारी खेली। गांधी बाग की गेंदबाजी में अर्जुन ने दो विकेट लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी बाग क्रिकेट एकेडमी की टीम ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए मात्र 21.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के नायक अल बशर रहे, जिन्होंने मात्र 64 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अल बशर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 11 वर्षीय अल बशर दीवान पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। टीम की इस शानदार जीत पर कोच तनवीर अख्तर ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !