देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के अकबरपुर झोझा गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पिता की लाइसेंसी राइफल से लगातार तीन फायर किए, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक किसान ताहिर (65) के परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। उनके दोनों बेटों अबु अजहर और अबु बकर का निकाह अप्रैल महीने में तय था। इसी सिलसिले में घर में रिश्तेदारों का आना-जाना भी बढ़ गया था।
बताया जा रहा है कि अबु बकर हाल ही में सऊदी अरब से भारत लौटा था, जहां वह ट्रक चालक के रूप में काम करता था। करीब सात महीने से घर पर बेरोजगार बैठे होने के कारण उसका अपने पिता से अक्सर विवाद होता रहता था।
मंगलवार को अबु बकर को दिल्ली में अपनी मौसेरी बहन के साथ शादी की खरीदारी के लिए जाना था, लेकिन वह बहन एक दिन पहले ही दिल्ली लौट गई। इस बात से नाराज़ होकर अबु बकर सुबह से ही झगड़ा करने लगा। पिता द्वारा उसे न रोकने और काम न करने को लेकर टोका-टाकी किए जाने से वह और अधिक उग्र हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी और गुस्से में आकर अबु बकर ने घर में रखी पिता की लाइसेंसी राइफल उठा ली और उन पर गोलियां चला दीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल की गई राइफल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !