(लखनऊ-राज प्रताप सिंह): वाराणसी और इज्जतनगर मंडल मिलाकर कुल 836 पद संविदा पर भरे जाएंगे रेलवे क्रॉसिंग गेट पर सुरक्षा बढ़ेगी। इसके साथ क्रॉसिंग गेट पर होने वाले हादसों में कमी आएगी। पूर्वोत्तर रेलवे में इसके लिए भूतपूर्व सैनिकों को तैनाती दी जाएगी। रेलवे ने इसका खाका भी तैयार कर लिया है। सभी गेटमैन अनमैन्ड रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात होंगे। लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल मिलाकर कुल 836 पदों पर इनको तैनाती मिलेगी। रेलवे सभी सैनिकों को संविदा पर रख मानदेय देगा।
दरअसल, रेलवे में गेटमैनों की कमी है। रेलवे के पास अनमैन्ड क्रॉसिंग गेट बहुत ज्यादा है। कर्मियों की कमी के चलते रेलवे इन सभी की निगरानी नहीं करा पा रहा है। इस कमी को पूरा करने के लिए ही रेलवे बोर्ड की ओर से यह निर्णय लिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे भर्ती सेल से इसकी अधिसूचना जारी हुई है, जिसके बाद आवेदन मांगे गए हैं। भूतपूर्व सैनिकों को वेबसाइट, हेल्पलाइन और ई मेल के माध्यम से आवेदन करना होगा। इसके लिए रेलवे उनसे कोई शुल्क नहीं लेगा। चयनित भूतपूर्व सैनिक संविदा पर रखे जाएंगे और सभी को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 26 दिसंबर है।
40 जिलों में होगी तैनाती
गेटमैन के तौर पर भूतपूर्व सैनिकों को प्रदेश के 40 जिलों में तैनाती मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड के अनमैन्ड रेलवे क्रॉसिंग गेट पर भी इनको तैनात किया जाएगा। इसमें लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, मुरादाबागद, गोरखपुर, वाराणसी समेत 40 जिलों को शामिल किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड के चम्पावत, उधमसिंह नगर एवं नैनीताल जिलों में स्थित समपार फाटकों पर भी इन्हें नियुक्त किया जाएगा।
पढ़ें यह भी खबर
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !