देश की राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली ने एक बार फिर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। विश्व के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों की सूची में एम्स दिल्ली ने छठा स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। यह रैंकिंग ब्रांड फाइनेंस अकादमिक मेडिकल सेंटर 2026 की ओर से जारी की गई है, जिसे स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रतिष्ठित माना जाता है।

इस ऐतिहासिक सफलता पर फैकल्टी एसोसिएशन ऑफ एम्स ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान से जुड़े हर व्यक्ति की मेहनत का परिणाम बताया है। फैकल्टी का कहना है कि यह सम्मान एम्स की वर्षों की निरंतर सेवा, उच्चस्तरीय चिकित्सा शिक्षा और शोध कार्यों की वैश्विक मान्यता है।
30 से अधिक मापदंडों पर हुआ मूल्यांकन
रैंकिंग तैयार करने के लिए दुनिया भर के स्वास्थ्य पेशेवरों के व्यापक सर्वेक्षण के आधार पर 30 से अधिक मानकों का उपयोग किया गया। इनमें मरीजों की देखभाल की गुणवत्ता, चिकित्सा नवाचार, शोध योगदान, शैक्षणिक उत्कृष्टता, ब्रांड प्रतिष्ठा और वैश्विक भरोसे जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। इन सभी पैमानों पर एम्स दिल्ली ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए शीर्ष छह में अपनी जगह बनाई।
अंतरराष्ट्रीय अस्पतालों को भी छोड़ा पीछे
इस वैश्विक सूची में एम्स दिल्ली ने सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल और अमेरिका के प्रसिद्ध क्लीवलैंड क्लीनिक जैसे अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संस्थानों को भी पीछे छोड़ दिया। वहीं, भारत के ही एक अन्य प्रतिष्ठित संस्थान टाटा मेमोरियल अस्पताल को इस सूची में 13वां स्थान प्राप्त हुआ है।
फैकल्टी ने जताया सामूहिक प्रयास का श्रेय
एम्स के रेडियो डायग्नोसिस एवं इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. अमरिंदर सिंह मल्ही ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या विभाग की नहीं, बल्कि पूरे एम्स परिवार के सामूहिक परिश्रम का नतीजा है। उन्होंने कहा कि फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, छात्र और गैर-चिकित्सकीय कर्मचारी—सभी ने मिलकर इस मुकाम को हासिल किया है।
डॉ. मल्ही के अनुसार, एम्स हमेशा से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है और यही प्रतिबद्धता उसे वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी एम्स दिल्ली चिकित्सा, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गर्व का क्षण
एम्स दिल्ली की यह उपलब्धि न सिर्फ संस्थान के लिए, बल्कि पूरे देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। यह रैंकिंग इस बात का प्रमाण है कि भारतीय चिकित्सा संस्थान वैश्विक मानकों पर खरे उतरते हुए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !