मेरठ। एशिया के सबसे बड़े स्वर्ण व्यापार केंद्रों में शुमार मेरठ के पुराने सराफा बाजार के लिए एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत होने जा रही है। वर्षों से चली आ रही सराफा कारोबारियों की मांग अब पूरी होने की कगार पर है। गेल गैस लिमिटेड इंडिया ने सराफा बाजार क्षेत्र में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रारंभिक तकनीकी निरीक्षण के बाद अब सुरक्षा मानकों और लाइन बिछाने की अंतिम प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

पीएनजी गैस सुविधा के शुरू होने से नील गली, कागजी बाजार, मुख्य सराफा बाजार और आसपास के आभूषण निर्माण क्लस्टर में कार्यरत लगभग 2500 सराफा उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक आभूषण निर्माण का कार्य एलपीजी सिलेंडरों के सहारे किया जा रहा था, जो महंगे होने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिमपूर्ण माने जाते हैं।
मेरठ बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर रस्तोगी ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों का प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया गया है और जल्द ही विस्तृत तकनीकी सर्वे शुरू होगा। इसके बाद पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पीएनजी गैस आने से सराफा उद्योग को आधुनिक और सुरक्षित ऊर्जा समाधान मिलेगा।
बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने इस योजना को सराफा उद्योग के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे न केवल लागत में कमी आएगी, बल्कि उत्पादन क्षमता और कार्यस्थल सुरक्षा में भी बड़ा सुधार होगा। वहीं चैंबर फॉर डेवलपमेंट एंड प्रमोशन ऑफ एमएसएमई के सचिव आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि यह योजना गेल गैस के राष्ट्रीय पीएनजी अभियान 2.0 के तहत लागू की जा रही है, जिससे पांच वर्षों से लंबित सराफा व्यापारियों की मांग अब पूरी हो सकेगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !