कानपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कोहना थाना क्षेत्र के गंगा बैराज रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दो किशोरों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अर्श (15) और मोहम्मद अहमद (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रमज़ान के दौरान नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले थे और स्कूटी से गंगा बैराज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज गति के ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने की कोशिश में किशोरों को कुचलता हुआ निकल गया। सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े दोनों लड़कों की कुछ ही देर में सांसें थम गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
घटना के समय उनका एक दोस्त दूसरी स्कूटी से पीछे आ रहा था। उसने पूरी घटना देखी और तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके और अस्पताल पहुंचे।
कोहना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल लाला लाजपत राय अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गंगा बैराज रोड पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सख्त ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !