Breaking News

50 हजार का कर्ज, 27 लाख चुकाए… फिर भी खत्म नहीं हुआ सूद; अब घर पर सूदखोरों की नजर

आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के हंसराजपुर मोहल्ले में रहने वाली एक विधवा महिला की आपबीती ने जिले में पनप रहे सूदखोरी के काले धंधे की परतें खोल दी हैं। 50 हजार रुपये के छोटे से कर्ज ने देखते ही देखते उसकी एक बीघा जमीन निगल ली, 27 लाख रुपये ब्याज के नाम पर वसूल लिए गए, और अब सूदखोरों की नजर उसके घर पर टिक गई है। पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर अपने और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

हंसराजपुर निवासी आशा देवी के पति कमलेश चौहान का निधन हो चुका है। चार बेटियों और दो बेटों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। आर्थिक तंगी के बीच उनके बेटे सूरज चौहान ने सितंबर 2022 में खरिहानी बाजार में वेल्डिंग की दुकान शुरू करने के लिए परिचितों से 50 हजार रुपये उधार लिए। आशा देवी का दावा है कि बेटे ने सात महीने के भीतर मूलधन और तय ब्याज चुका दिया था।

लेकिन यहीं से कहानी ने खतरनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि रकम चुकाने के बावजूद सूदखोर दुकान पर पहुंचकर और ब्याज की मांग करने लगे। गाली-गलौज, धमकी और दबाव का सिलसिला शुरू हो गया। सूरज को जान से मारने की धमकी दी गई। परिवार पर मानसिक दबाव इतना बढ़ा कि घर में दहशत का माहौल बन गया।

आशा देवी का आरोप है कि दबंग घर तक आ पहुंचे। छोटे बच्चों के सामने धमकियां दी गईं और जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया गया। डर और भय के साये में जी रही महिला ने आखिरकार अपनी एक बीघा कीमती जमीन अपने ही पट्टीदार को 27 लाख रुपये में बेच दी। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।

पीड़िता का आरोप है कि जमीन की पूरी रकम सूदखोरों ने अलग-अलग खातों में जबरन ट्रांसफर करवा ली। जान बचाने के लिए उसे पूरी धनराशि सौंपनी पड़ी। इसके बावजूद सूद की मांग खत्म नहीं हुई। अब आरोपित घर की बची जमीन और मकान पर कब्जा करने की धमकी दे रहे हैं।

परिवार पर दबाव इतना बढ़ गया कि आशा देवी का बेटा सूरज चौहान घर छोड़कर कहीं चला गया। काफी प्रयासों के बाद उसे लखनऊ से वापस लाया गया था। महिला का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय के साये में जी रहा है।

इस मामले में पूर्व में भी शिकायत की गई थी। 5 अगस्त 2025 को प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन अब तक न तो प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही आरोप-पत्र दाखिल किया गया। आशा देवी ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जबरन वसूली गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

जिले में नया नहीं है सूदखोरी का जाल

आजमगढ़ में सूदखोरी का यह मामला कोई पहला नहीं है। 11 जून 2024 को फूलपुर कोतवाली में दर्ज एक अन्य शिकायत में विवेक सिंह ने आरोप लगाया था कि उसके भाई ने मनरा गांव निवासी एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर लिए थे। इसके बदले ब्लैंक चेक लिया गया और धीरे-धीरे 16 लाख रुपये तक वसूल लिए गए। इसके बाद भी 10 से 15 लाख रुपये और बकाया बताकर लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है।

इसी तरह 30 जुलाई 2021 को फूलपुर क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव के इब्राहिम ने 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। कर्ज देने वाले ने कार गिरवी रख ली और खुद इस्तेमाल करता रहा। बाद में 85 हजार रुपये की मांग की गई। रकम लेकर पहुंचे इब्राहिम को कथित रूप से पीटकर अधमरा किया गया और रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।

इन घटनाओं से साफ है कि जिले में सूदखोरी एक संगठित और खतरनाक रूप ले चुकी है। आर्थिक रूप से कमजोर लोग छोटी रकम के लिए कर्ज लेते हैं, लेकिन चक्रवृद्धि ब्याज और धमकियों के जाल में फंसकर अपनी जमीन-जायदाद गंवा बैठते हैं।

प्रशासन पर सवाल

कानूनन सूदखोरी अपराध है, लेकिन लगातार सामने आ रहे मामलों से सवाल उठता है कि आखिर ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही? क्या पीड़ितों का डर और सामाजिक दबाव उन्हें खुलकर शिकायत करने से रोकता है? या फिर कार्रवाई की रफ्तार इतनी धीमी है कि आरोपियों के हौसले बुलंद बने हुए हैं?

आशा देवी की कहानी सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उस सिस्टम की तस्वीर है जिसमें गरीब और मजबूर लोग सबसे आसान शिकार बन जाते हैं। अब निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस बार ठोस कार्रवाई होगी या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …